प्रभारी सचिव युगल किशोर पंत पहुंचे केदारनाथ ,यात्रा की तैयारियों का  लिया जायजा

 प्रभारी सचिव युगल किशोर पंत पहुंचे केदारनाथ ,यात्रा की तैयारियों का  लिया जायजा
Spread the love

रुद्रप्रयाग।उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में विशेष महत्व रखने वाली श्री केदारनाथ यात्रा इस वर्ष 2 मई 2025 से आरंभ होने जा रही है। बाबा केदार के दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हर वर्ष इस यात्रा में सम्मिलित होते हैं। यात्रा को सफल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। व्यवस्थाओं की समीक्षा और प्रगति की जानकारी लेने हेतु संस्कृति एवं भाषा विभाग के सचिव तथा केदारनाथ यात्रा के प्रभारी सचिव युगल किशोर पंत ने केदारनाथ धाम और यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सचिव युगल किशोर पंत केदारनाथ मंदिर परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर के चारों ओर चल रहे पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त, उन्होंने गौरीकुंड से केदारनाथ तक के पैदल मार्ग का भी निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को मार्ग एवं मंदिर परिसर में जमी बर्फ को शीघ्र हटाने के सख्त निर्देश दिए।

प्रभारी सचिव युगल किशोर पंत ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित सीतापुर और सोनप्रयाग की पार्किंग स्थलों का भी दौरा किया। उन्होंने वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, बिजली-पानी की उपलब्धता, शौचालयों की स्थिति, सफाई और कूड़ा निस्तारण जैसी जनसुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं यात्रियों के अनुकूल और मानकों के अनुरूप हों और यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग समय पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान सचिव युगल किशोर पंत ने गौरीकुंड क्षेत्र में स्थित गौरी माई मंदिर और तप्त कुंड का भी अवलोकन किया। उन्होंने इन धार्मिक स्थलों की स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया कि इन स्थलों को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी सुव्यवस्थित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्राप्त हो। इसके साथ ही, उन्होंने सोनप्रयाग स्थित पंजीकरण केंद्र का भी दौरा किया, जहां उन्होंने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, काउंटर की संख्या, स्टाफ की उपलब्धता और तकनीकी संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि भीड़ के समय यात्रियों को कतारों में लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए पर्याप्त काउंटर और प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, प्रशिक्षु उप जिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, याक्षी अरोड़ा, तहसीलदार प्रदीप नेगी, खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का, आईएसबीटी सैन्य बल के जवानों सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles