कबड्डी ने पिछले एक दशक में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई अलग पहचान :मुख्यमंत्री

कबड्डी ने पिछले एक दशक में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई अलग पहचान :मुख्यमंत्री
Spread the love

हरिद्वार।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार स्थित वन्दना कटारिया इण्डोर स्टेडियम, रोशनाबाद में उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित युवा ऑल स्टार्स चैंम्पियनशिप-2025 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्टेडियम को एसी हॉल बनाने की घोषणा की और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले देशभर के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विजयी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जो खिलाड़ी जीत से कुछ कदम दूर रह गए हैं, वे इसे अपनी खेल क्षमताओं में सुधार लाने का अवसर मानें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कबड्डी हमारे देश का प्राचीन खेल है, जिसमें खिलाड़ी की स्फूर्ति, ताकत और गति के साथ-साथ धैर्य और टीम भावना भी महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में कबड्डी ने भारत के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है। 2014 में शुरू हुई प्रो-कबड्डी लीग जैसी प्रतियोगिताओं ने न केवल खिलाड़ियों को बड़ा मंच दिया, बल्कि इस खेल की लोकप्रियता भी बढ़ाई।

उन्होंने बताया कि इस बार इस चैंम्पियनशिप का 100 से अधिक देशों में लाइव प्रसारण किया गया और उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए 10 दिवसीय विशेष लीग भी आयोजित की गई। उन्होंने उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन और आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड अब “खेल भूमि” के रूप में अपनी अलग पहचान बना रहा है। हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर खेलों का मजबूत केंद्र बना दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार 517 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक स्टेडियम और 100 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल उपकरण लाकर विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि अब बड़ी खेल प्रतियोगिताएं उत्तराखंड में आयोजित हो रही हैं, जिससे राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार जल्द ही स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू करने जा रही है, जिसके तहत 08 शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। इन अकादमियों में हर वर्ष 920 विश्व स्तरीय एथलीट और 1000 अन्य एथलीटों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा। इसके अलावा, हल्द्वानी में उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना भी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीतकर इतिहास रचा है, जिनमें दो पदक कबड्डी खिलाड़ियों ने भी जीते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक मदन कौशिक, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल, और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles