ग्राम पंचायत सारंधर वाला में “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर संगोष्ठी आयोजित
देहरादून।ग्राम पंचायत सारंधर वाला में “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर एक विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती रुचि भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा, भाजपा रहीं। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सुशीला खत्री, अध्यक्ष नवज्योति जन कल्याण समिति द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को हनुमान जन्मोत्सव की शुभकामनाएं भी दी गईं।
वक्ताओं ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि इस दिशा में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। हालांकि विपक्षी दल इसका विरोध कर रहे हैं, परंतु सत्ता पक्ष इसे लागू करने को लेकर प्रतिबद्ध दिखाई दे रहा है। वक्ताओं का कहना था कि आगामी दिनों में संसद में इस विषय को लेकर गहन बहस देखने को मिल सकती है।
रेनू डी. सिंह, संचालिका समाधान महिला हेल्पलाइन, ने अपने वक्तव्य में कहा कि “पूरे देश में एक साथ चुनाव कराने का विचार बुरा नहीं है।” उन्होंने कहा कि इससे न केवल खर्च में कमी आएगी बल्कि सरकारें अपना कार्यकाल स्थिर रूप से पूरा कर विकास कार्यों पर अधिक ध्यान दे सकेंगी।
कार्यक्रम में अन्य विशिष्ट अतिथियों में डॉ. ममता कुवर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य, रुद्रप्रयाग; डॉ. अंजली वर्मा, देवभूमि विचार मंच एवं प्रांत संयोजिका, महिला समन्वय उत्तराखंड; श्रीमती कुसुम सिद्धू, प्रदेश अध्यक्ष, अखिल भारतीय गौ रक्षा समिति; श्रीमती मनिंदर कौर, ब्लॉक अध्यक्ष, भारतीय व्यापार मंडल (महिला प्रकोष्ठ); श्रीमती गीतांजलि रावत, मंडल अध्यक्ष, रानीपोखरी; सुचिता रावत, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा रानीपोखरी; मानसी खत्री, क्षेत्र पंचायत सदस्य, रेनापुर प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
इसके अतिरिक्त श्री सर्वेश रावत, नरेश उनियाल (बजरंग दल), बबिता तिवारी (ग्राम प्रधान), दीवान सिंह रावत, विक्रम सिंह भंडारी, बलवंत रावत सहित कई गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

