HTML tutorial
HTML tutorial

हरिद्वार में सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने किया वृक्षारोपण, किसानों के लिए 0% ब्याज ऋण और 55 नई बैंक शाखाओं का ऐलान

हरिद्वार में सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने किया वृक्षारोपण, किसानों के लिए 0% ब्याज ऋण और 55 नई बैंक शाखाओं का ऐलान
Spread the love

हरिद्वार।केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत हरिद्वार स्थित जिला सहकारी बैंक परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पांच वर्ष पूर्व देश में अलग सहकारिता मंत्रालय की स्थापना की गई थी, जिसकी जिम्मेदारी देश के पहले सहकारिता मंत्री अमित शाह को सौंपी गई। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई तक देशभर में सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है।

डॉ. रावत ने बताया कि इस दौरान किसान गोष्ठियां, सहकारिता बंधु सम्मेलन और व्यापक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने पूरे देश में एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जबकि उत्तराखंड में भी प्रत्येक जिले और सहकारी समिति स्तर पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 30 लाख किसान सहकारिता विभाग से जुड़े हुए हैं। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार इस वर्ष 2 लाख किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करा रही है। सहकारिता क्षेत्र में हुए सुधारों के कारण राज्य के सभी सहकारी बैंक अब ₹300 करोड़ के शुद्ध लाभ में पहुंच चुके हैं।

सहकारिता मंत्री ने बताया कि बैंकिंग सुविधाओं को दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में इस वर्ष 55 नई सहकारी बैंक शाखाएं खोली जाएंगी। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण और उत्तराखंड के कृषि भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ‘खेत बचाओ अभियान’ को गति दी जा रही है तथा किसानों को जैविक (ऑर्गेनिक) खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन जिला सहकारी बैंक लिमिटेड हरिद्वार के प्रशासक एवं निबंधक सहकारी समितियां उत्तराखंड आनंद ए.डी. शुक्ल ने किया, जबकि जिला सहायक निबंधक मोनिका चुनेरा एवं जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के सचिव/महाप्रबंधक सौ सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान, हरिद्वार महापौर किरण जैसल, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, देशराज कर्णवाल, आदेश सैनी, विकास तिवारी, सुशील त्यागी, सहकारी समितियों के पदाधिकारी, किसान, सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles