मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के जनपद स्तरीय चयन ट्रायल सम्पन्न,अन्तिम दिन 212 खिलाड़ियों ने किया प्रदर्शन, कुल 592 खिलाड़ी हुए शामिल
पिथौरागढ़।मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के अन्तर्गत जनपद स्तरीय चयन ट्रायल के तीसरे एवं अंतिम दिन 13 अप्रैल, 2025 को 12-13 वर्ष एवं 13-14 वर्ष के बालक-बालिका खिलाड़ियों के ट्रायल सम्पन्न हुए। इन ट्रायल्स में जिले के सभी 08 विकास खण्डों, 03 नगरपालिकाओं एवं नगर निगम पिथौरागढ़ से चयनित 101 बालक एवं 111 बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया। कुल 212 खिलाड़ियों ने छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए जोर आजमाइश की। योजना के अन्तर्गत सम्पूर्ण चयन ट्रायल्स में 08 से 14 वर्ष के आयु वर्ग के कुल 592 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री अनूप बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी छात्रवृत्ति योजना उत्तराखण्ड सरकार द्वारा वर्ष 2022-23 से संचालित की जा रही है। अब तक तीन वर्षों में कुल 900 प्रतिभावान खिलाड़ियों को लाभ दिया जा चुका है। वर्ष 2025-26 में भी 300 खिलाड़ियों को डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति प्रदान की जायेगी।
ट्रायल्स के दौरान प्रशिक्षु उप जिलाधिकारी श्री वैभव काण्डपाल द्वारा विभिन्न परीक्षण केन्द्रों का निरीक्षण किया गया एवं चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। चयन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करायी गयी और प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
जनपद स्तर पर हुए चयन ट्रायल्स में प्रत्येक आयु वर्ग (08 से 09, 09 से 10, 10 से 11, 11 से 12, 12 से 13, 13 से 14 वर्ष) में 25 बालक एवं 25 बालिका, इस प्रकार कुल 300 खिलाड़ियों का चयन छात्रवृत्ति हेतु किया गया। चयनित खिलाड़ियों को प्रति माह ₹1500 की छात्रवृत्ति डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन भूपेन्द्र सिंह चौहान द्वारा किया गया। चयन प्रक्रिया जिला प्रशासन के निर्देशन में शिक्षा, युवा कल्याण, चिकित्सा, पुलिस, जल संस्थान, शहरी विकास समेत विभिन्न विभागों के सहयोग से सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर जिला खेल समन्वयक बिक्रम सिंह दिगारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी दीपक चन्द्र भट्ट, सहायक प्रशिक्षक सतीश कुमार एवं अन्य विभागीय समन्वयकों का सहयोग सराहनीय रहा। जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री अनूप बिष्ट ने चयन ट्रायल्स की सफलता के लिए सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
अब अगला चरण . मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम/योजना का होगा, जिसके अंतर्गत 14 से 23 वर्ष तक के इच्छुक अभ्यर्थी https://khelouk.in/scheme पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। ट्रायल्स 17 अप्रैल से विकास खण्ड, नगर पालिका एवं नगर निगम स्तर पर शुरू होंगे।

