युवती से मारपीट के वायरल वीडियो पर एसएसपी देहरादून ने लिया संज्ञान,राजपुर थाना पुलिस ने तीन युवकों को लिया हिरासत में
देहरादून। सहस्रधारा क्षेत्र में युवती के साथ मारपीट के एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद देहरादून पुलिस तत्काल हरकत में आ गई। वीडियो में तीन युवक एक युवती के साथ मारपीट करते नजर आ रहे थे। इस गंभीर प्रकरण को एसएसपी देहरादून ने संज्ञान में लेते हुए थाना राजपुर को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान स्कूटी नंबर UK 07 DS 2972 व UK 07 FM 8491 के माध्यम से की गई। जांच में इन स्कूटी के आधार पर तीन युवकों की पहचान 1- प्रमोद सिंह पुत्र जगदीश सिंह, निवासी ग्राम झलपड़ी श्रीकोट, पौड़ी गढ़वाल, 2- आकाश सिंह पुत्र जनबल्लभ सिंह, निवासी जलपाड़ी श्रीकोट, पौड़ी गढ़वाल तथा 3- गौरव रावत पुत्र सुखदेव सिंह, निवासी झलपाड़ी, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई।
राजपुर पुलिस द्वारा तीनों युवकों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई और उनके विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई गई। साथ ही दोनों स्कूटी को मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत सीज कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि यदि पीड़ित युवती की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो आरोपियों के विरुद्ध अलग से विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की सार्वजनिक जगह पर हिंसा या मारपीट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

