मुख्य सचिव ने केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं और पुनर्निर्माण कार्यों का लिया जायजा, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

मुख्य सचिव ने केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं और पुनर्निर्माण कार्यों का लिया जायजा, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
Spread the love

रूद्रप्रयाग/चमोली।मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने शनिवार को केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पहुंचकर आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंदाकिनी और सरस्वती नदियों पर बने बेली ब्रिज, आस्था पथ पर रेन शेल्टरों सहित विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने यात्रियों के लिए गर्म पानी, स्वच्छता और मेडिकल सहायता जैसी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि रेन शेल्टरों में एलईडी साइनेज लगाए जाएं ताकि यात्रियों को आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से मिल सके। मंदिर परिसर से लेकर आस्था पथ तक स्वच्छता सुनिश्चित करने, कॉटेजों की मरम्मत और यात्रा मार्गों पर सभी जरूरी सुविधाएं दुरुस्त करने पर भी उन्होंने विशेष बल दिया। उन्होंने रुद्र प्वाइंट और घोड़ा पड़ाव में भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा और सफाई व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और शेष कार्यों को यात्रा प्रारंभ होने से पहले पूरा कर लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने सुरक्षा तैयारियों, ट्रैफिक प्रबंधन और आपदा प्रबंधन टीमों की तैनाती की जानकारी दी।

इसके बाद मुख्य सचिव ने बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एराइवल प्लाजा, सिविक एमिनिटी सेंटर, बद्रीश और शेष नेत्र झील, रिवर फ्रंट तथा हॉस्पिटल का जायजा लिया और कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने मई तक सिविक एमिनिटी सेंटर और टूरिज्म मैनेजमेंट सेंटर को पूरा करने तथा अगस्त तक हॉस्पिटल को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने मास्टर प्लान के कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि धाम क्षेत्र में पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय और आस्था पथ आदि की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। धाम में पहुंचने वाले व्यापारियों और अन्य लोगों के लिए बिजली और पानी के कनेक्शन भी शुरू कर दिए गए हैं। नगर सफाई के लिए पर्यावरण मित्रों की तैनाती की गई है और क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों का भी सुधारीकरण किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बद्रीनाथ धाम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमें आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैनात कर दी गई हैं।

निरीक्षण के दौरान पर्यटन सचिव श्री सचिन कुर्वे, उपजिलाधिकारी जोशीमठ सीएस वशिष्ट, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी राजेश चन्द्रा, बीकेटीसी सीईओ विजय थपलियाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित यात्रा व्यवस्था से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles