रोजगार मेले में 162 चयनित युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र
देहरादून । सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम में शनिवार को राजस्व विभाग, सीबीआईसी द्वारा ‘रोजगार मेला’ के 15वें चरण का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 47 स्थानों पर 51,000 से अधिक चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कर्मयोगी पोर्टल के माध्यम से कौशल विकास का आह्वान किया और “नागरिक देवो भव:” का मंत्र दिया।
देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने 13 विभागों जैसे सीबीआईसी, भारतीय वन सर्वेक्षण, रेलवे, बैंक ऑफ बड़ौदा, ईपीएफओ, एफसीआई आदि में चयनित 162 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मंत्री ने सभी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए उन्हें ईमानदारी और लगन से देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सीजीएसटी मेरठ जोन के मुख्य आयुक्त श्री संजय मंगल, प्रधान आयुक्त श्री शुभ चिंतन, आयुक्त श्री अनिल चौधरी तथा स्थानीय विधायक श्री खजान दास और श्रीमती सविता कपूर सहित कई अधिकारी भी उपस्थित रहे।

