श्री केदारनाथ धाम कपाटोत्सव 2025: पंचमुखी डोली सेना के बैंड संग धाम के लिए प्रस्थान, 2 मई को खुलेंगे कपाट
उखीमठ।श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष शुक्रवार, 2 मई को प्रातः 7 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। इससे पूर्व कपाटोत्सव कार्यक्रम के तहत आज सोमवार को श्री केदारनाथ भगवान की पंचमुखी उत्सव डोली, भारतीय सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच, विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात धाम के लिए प्रस्थान कर गई।
डोली प्रस्थान से पूर्व श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ में श्री भैरवनाथ जी की विशेष पूजा की गई। इस अवसर पर पंचमुखी डोली का पंच स्नान एवं श्रृंगार कर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और फूलों से डोली का स्वागत किया गया।
आज डोली उखीमठ, संसारी, विद्यापीठ होते हुए श्री विश्वनाथ मंदिर, गुप्तकाशी पहुँची जहाँ रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद यात्रा क्रमशः फाटा और गौरीकुंड पड़ावों से होते हुए 1 मई को केदारनाथ धाम पहुंचेगी।
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दीं और यात्रा की सभी तैयारियों को पूर्ण बताया। मंदिर क्षेत्र में पेयजल, विद्युत, भोग मंडी सफाई, आवासीय प्रबंध तथा दर्शन व्यवस्था पूरी कर ली गई है।
आज डोली प्रस्थान कार्यक्रम में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, बीकेटीसी अधिकारीगण, केदार सभा प्रतिनिधि, तीर्थ पुरोहित समाज एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, यात्रा का हर चरण भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहा है और 2 मई को भक्तजन बाबा केदारनाथ के पावन दर्शन कर सकेंगे।
आज पंचमुखी डोली प्रस्थान के अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, दायित्वधारी चंडी प्रसाद भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण प्रभारी अधिकारी/ सहायक अभियंता गिरीश देवली, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी,वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, उखीमठ मंदिर प्रभारी रमेश नेगी, पुजारी शिवशंकर लिंग, बागेश लिंग, टी गंगाधर लिंग, वेदपाठी यशोधर मैठाणी,स्वयंबर सेमवाल , विश्व मोहन जमलोकी, पंचगाई हक-हकूकधारी , धर्मेंद्र तिवारी, अभिरतन धर्म्वाण संदीप धर्म्वाण,तीर्थ पुरोहित समाज सहित सहायक लेखाकार प्रमोद बगवाड़ी, विपिन तिवारी,मनोज, शुक्ला,देवानंद गैरोला,डोली प्रभारी प्रदीप सेमवाल, प्रबंधक अरविंद शुक्ला , पुष्कर रावत,कुलदीप धर्म्वाण, विदेश शैव,ललित त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।

