उत्तरकाशी, प्रतिबंधित कांजल काठ की लकड़ी की तस्करी करते चार वन तस्कर गिरफ्तार, वाहन से 332 नग लकड़ी बरामद
उत्तरकाशी। जिले के थाना मोरी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कांजल काठ की लकड़ी की तस्करी करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक संदिग्ध इनोवा कार (UK07DD-4924) को रोका, जिसमें तलाशी लेने पर 332 नग कटोरेनुमा लकड़ी के टुकड़े बरामद किए गए। यह कार्रवाई 9 मई को मोरी-नैटवाड़ रोड पर छिवाड़ा खड्ड के पास चेकिंग अभियान के दौरान की गई।
पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल के निर्देशों पर जिलेभर में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट देवेन्द्र सिंह नेगी के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष मोरी के नेतृत्व में यह चेकिंग की गई थी। वाहन में सवार चारों अभियुक्तों से पूछताछ में पता चला कि वे मोरी क्षेत्र के जंगलों से लकड़ी काटकर उसे सहारनपुर में बेचने की फिराक में थे।
पुलिस ने मौके पर ही वन विभाग नैटवाड़ सुपिन रेंज की टीम को बुलाया और अभियुक्तों को बरामद माल के साथ अग्रिम कार्रवाई हेतु वन विभाग के सुपुर्द कर दिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में एक चालक उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का निवासी है जबकि तीन अन्य नेपाल के रहने वाले हैं, जो वर्तमान में सहारनपुर में रह रहे थे।
इस पूरी कार्रवाई में थाना मोरी से उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, अवर उपनिरीक्षक अजीत सिंह, कांस्टेबल आदित्य तथा होमगार्ड दिनेश शामिल रहे।
