स्कूलों में योग को बढ़ावा देने में जुटा आयुर्वेद विभाग – योग समावेश कार्यक्रम जोरों पर
देहरादून।आयुर्वेद विभाग द्वारा “योग समावेश कार्यक्रम” के अंतर्गत जनपद देहरादून के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को योग से जोड़ने का कार्य तेजी से चल रहा है। यह कार्यक्रम 11वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों का हिस्सा है, जिसमें छात्रों को योग के अभ्यास और महत्व से अवगत कराया जा रहा है।
मीडिया प्रभारी डॉ० डी० सी० पसबोला ने जानकारी दी कि जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ० जी० सी० एस जंगपांगी के निर्देशानुसार जनपद के समस्त राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय विभिन्न विद्यालयों में योग शिविरों का आयोजन कर रहे हैं। इन शिविरों में छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से योगाभ्यास कराया जा रहा है और उन्हें योग के शारीरिक, मानसिक व आत्मिक लाभों से अवगत कराया जा रहा है।
इसके साथ ही विद्यालय स्तर पर योग पर भाषण, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रतिभागियों में से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देने की व्यवस्था भी की गई है।
इन सभी गतिविधियों की नियमित समीक्षा अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ० सविता कोठियाल द्वारा की जा रही है, ताकि कार्यक्रम को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा सके।
आयुर्वेद विभाग का यह प्रयास स्कूली छात्रों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

