रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया तहसील धनोल्टी का नाजिर – सतर्कता अधिष्ठान की बड़ी कार्रवाई
देहरादून/टिहरी ।सतर्कता अधिष्ठान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील धनोल्टी, जनपद टिहरी गढ़वाल में नाजिर पद पर तैनात वीरेन्द्र सिंह कैन्तुरा को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है।
शिकायतकर्ता द्वारा अधिष्ठान के सैक्टर देहरादून में दी गई शिकायत में बताया गया था कि उसकी पत्नी ने दिनांक 31 जनवरी 2025 को ग्राम छनाड़, थत्यूड जौनपुर, जिला टिहरी गढ़वाल में लगभग 1500 वर्ग मीटर भूमि खरीदी थी। इस भूमि की दाखिल खारिज प्रक्रिया में नाजिर वीरेन्द्र सिंह कैन्तुरा द्वारा जानबूझकर गलत आपत्ति रिपोर्ट लगाई जा रही थी तथा सही रिपोर्ट देने और दाखिल खारिज में नाम चढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और दिनांक 13 मई 2025 को आरोपी को तहसील धनोल्टी स्थित कार्यालय में शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत लेते समय गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के पश्चात अभियुक्त के आवास व अन्य स्थानों पर चल-अचल संपत्ति से संबंधित तलाशी व पूछताछ की जा रही है।
निदेशक सतर्कता डॉ० वी० मुरूगेसन द्वारा ट्रैप टीम को उनकी सतर्क व प्रभावी कार्रवाई के लिए नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी/कर्मचारी अपने पदीय कार्यों के निष्पादन में दबाव बनाकर रिश्वत की मांग करता है या आय से अधिक संपत्ति अर्जित करता है*, तो निःसंकोच होकर सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 अथवा WhatsApp हेल्पलाइन 9456592300 पर सूचना दें और भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सहभागी बनें।

