कांवड़ यात्री को गोली मारने की घटना का हरिद्वार पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी हिरासत में
हरिद्वार । कनखल क्षेत्र में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ यात्री को गोली मारने की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार मामूली कहासुनी और टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसके दौरान एक कांवड़ यात्री को गोली मार दी गई।
पुलिस के मुताबिक 1 जून 2026 की मध्य रात्रि डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप कांवड़ लेकर जा रहे एक व्यक्ति को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। क्षेत्राधिकारी नगर एवं फील्ड यूनिट टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से जल लेकर लौट रहे चार कांवड़ यात्रियों की गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में 6-7 बाइक सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवकों ने अजय पुत्र नरेश निवासी पानीपत, हरियाणा को गोली मार दी।
घायल अजय को उसके साथियों और पुलिस की मदद से तत्काल भूमानंद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शिवराज पुत्र जबर सिंह (20 वर्ष), निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, कनखल को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित हिरासत में ले लिया।
इसके अलावा पुलिस ने फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों आदित्य कुमार, हेमंत कुमार और वंश गुप्ता को भी उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर हिरासत में लिया है। मामले में कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे मामलों में कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस द्वारा घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

