थलीसैण को मिला 214 करोड़ का उप जिला चिकित्सालय ,अब गांव में ही मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं
देहरादून।राज्य सरकार ने पौड़ी जनपद के दूरस्थ क्षेत्र थलीसैण को बड़ी सौगात देते हुए उप जिला चिकित्सालय के निर्माण और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए 214.7 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इससे क्षेत्र के लगभग एक लाख लोगों को लाभ मिलेगा और उन्हें हर छोटी-बड़ी बीमारी के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
50 शैय्याओं वाले इस उप जिला चिकित्सालय में न केवल आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता होगी, बल्कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी तैनाती की जाएगी। बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, सर्जन, फिजीशियन, महिला चिकित्साधिकारी, पैथोलॉजिस्ट सहित अन्य विशेषज्ञ सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी। साथ ही अस्पताल परिसर में चिकित्सकों व कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आपातकालीन स्थिति में त्वरित उपचार संभव हो सकेगा।
चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित हों। उन्होंने कहा, “थलीसैण उप जिला चिकित्सालय के लिए सरकार ने 214.7 करोड़ की धनराशि मंजूर की है, जिससे अस्पताल का ढांचागत विकास और चिकित्सा सुविधाएं दोनों बेहतर होंगी। इससे थलीसैण समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की एक लाख से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा।”
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। वर्तमान में प्रदेश में 21 उप जिला चिकित्सालय संचालित हैं, जबकि गैरसैण, खानपुर, पुरोला, थलीसैण, डोईवाला और भटवाड़ी को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत किया गया है। इसके अतिरिक्त भगवानपुर, चिन्यालीसौड़, हिण्डोलाखाल और गुप्तकाशी के केंद्रों को भी उच्चीकृत करने की योजना है। उन्होंने कहा कि यह सभी प्रयास स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।

