भाजपा तिरंगा यात्रा निकालने से पहले ट्रंप के बयान पर दे जवाब: सूर्यकांत धस्माना

भाजपा तिरंगा यात्रा निकालने से पहले ट्रंप के बयान पर दे जवाब: सूर्यकांत धस्माना
Spread the love

देहरादून।भारतीय जनता पार्टी द्वारा घोषित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत तिरंगा यात्रा को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन एवं प्रशासन) सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा पर सेना के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने तो युद्धकाल में सेना के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकाली थी, लेकिन भाजपा अब वोट के लिए सेना के पराक्रम को भुनाने में लगी है।

धस्माना ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा की तिरंगा यात्रा निकालने से कोई ऐतराज़ नहीं है, लेकिन भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहले इस सवाल का जवाब देना चाहिए कि भारत की सुरक्षा और संप्रभुता से जुड़े फैसले लेने का अधिकार अमेरिका को किसने दिया? उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाक संक्षिप्त युद्ध के सीजफायर की घोषणा की, भारत-पाक मुद्दे में मध्यस्थता की बात की और प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन से पहले खुद को युद्धविराम का सूत्रधार बताया—यह देश की संप्रभुता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए धस्माना ने कहा कि देश की विदेश नीति, रक्षा नीति और राष्ट्रीय निर्णय भारत तय करता है या अमेरिका, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए उन्होंने कहा कि यह सवाल राष्ट्रीय सुरक्षा और अस्मिता से जुड़ा हुआ है और इसका उत्तर हर हाल में प्रधानमंत्री मोदी को स्वयं देना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि सेना और शहीदों का इस्तेमाल चुनावी फायदे के लिए करना भाजपा की पुरानी प्रवृत्ति है, लेकिन इस बार जिस प्रकार से युद्धविराम की घोषणा हुई और कश्मीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय पटल पर लाया गया, वह न केवल चौंकाने वाला है बल्कि देश की गरिमा के लिए भी चिंता का विषय है। धस्माना ने कहा कि देश जानना चाहता है कि क्या अमेरिका की इस भूमिका पर भारत सरकार की सहमति थी? अगर नहीं, तो प्रधानमंत्री को तुरंत स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

देवभूमि खबर

Related articles