हरिद्वार पुलिस का कड़ा एक्शन: धार्मिक उन्माद फैलाने वाला युवक गिरफ्तार
हरिद्वार।एसएसपी के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस ने सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने के प्रयास के मामले में बड़ी कार्यवाही करते हुए थाना बहादराबाद क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि रियाज पुत्र फतेह मोहम्मद, निवासी ग्राम बढ़ेडी राजपूतान, थाना बहादराबाद, उम्र 32 वर्ष, अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र व आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहा है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बहादराबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को सल्फर मोड़, शांतरशाह बहादराबाद से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से मोबाइल फोन बरामद कर उसे सील किया गया है।
अभियुक्त के खिलाफ थाना बहादराबाद में मु0अ0सं0 208/25, धारा 196, 299 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्थिति में सोशल मीडिया पर धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

