आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य को सौंपा मांग पत्र, मानदेय बढ़ोतरी और पेंशन की रखी मांग

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य को सौंपा मांग पत्र, मानदेय बढ़ोतरी और पेंशन की रखी मांग
Spread the love

देहरादून। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता / सेविका / मिनी कर्मचारी संगठन उत्तराखंड की ओर से  13 मई को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्य को एक मांग पत्र सौंपा गया। इस पत्र के माध्यम से संगठन ने लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई।

संगठन ने अपनी प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में राज्य सरकार द्वारा ₹140 प्रतिदिन की वृद्धि की मांग की है। साथ ही यह भी आग्रह किया गया कि केंद्र सरकार को ₹150 प्रतिदिन मानदेय बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेजा जाए।

इसके अतिरिक्त संगठन ने यह भी मांग की कि सुपरवाइजर पदों पर भर्ती सीनियरिटी के आधार पर प्रतिवर्ष की जाए ताकि अनुभवी कार्यकर्ताओं को पदोन्नति का अवसर मिल सके।

एक अन्य अहम मांग के रूप में उन्होंने यह कहा कि सरकार के घोषणा पत्र के अनुसार, सेवा निवृत्ति (60 वर्ष) पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि प्रदान करने का शासनादेश (जीओ) जारी किया जाए। साथ ही, पेंशन योजना से संबंधित भी शासनादेश जारी कर इन कार्यकर्ताओं को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाए।

आंगनबाड़ी संगठन ने मंत्री पर विश्वास जताते हुए आशा व्यक्त की कि वे इस मांग पत्र को गंभीरता से लेकर कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान करवाने में सहयोग करेंगी।

देवभूमि खबर

Related articles