ऑपरेशन सिंदूर” की विजय को समर्पित तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हुआ भव्य आयोजन
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बुधवार को शौर्य स्थल, चीड़बाग से गांधी पार्क तक भव्य “तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा” का आयोजन किया गया। यह यात्रा हाल ही में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक विजय को समर्पित रही। हजारों की संख्या में आमजन, पूर्व सैनिक, युवा वर्ग एवं मातृशक्ति तिरंगे के साथ इस पद यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने शौर्य स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने वाले वीर सैनिकों, वायुसेना, नौसेना और सभी सुरक्षा बलों को नमन करते हुए कहा कि भारत ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि वह आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई करने में पूर्णतः सक्षम है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने न केवल अपने वीर सपूतों की बहादुरी का प्रदर्शन किया, बल्कि आतंकवाद और उसके समर्थकों को यह स्पष्ट संदेश भी दिया कि नया भारत अब हर आतंकी कार्रवाई का जवाब उसी की भाषा में देगा।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब किसी भी आतंकी चुनौती का मुँहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। आज देश की सीमाओं की रक्षा अत्याधुनिक स्वदेशी तकनीक से की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को वीर भूमि बताते हुए कहा कि यहां का लगभग हर परिवार देश सेवा से जुड़ा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सेना और सुरक्षा बलों की अनुशासनप्रियता, शौर्य और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि ऑपरेशन सिंदूर की विजय के उपलक्ष्य में ‘तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा’ प्रतिवर्ष आयोजित की जाएगी।
इस भव्य आयोजन में सैनिक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, विधायकगण श्री खजान दास, श्री उमेश शर्मा काऊ, श्री बृज भूषण गैरोला, श्री भरत चौधरी, देहरादून के मेयर श्री सौरभ थपलियाल, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री तरुण विजय, भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्री आदित्य कोठारी, महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल, दर्जाधारी रजनी रावत, डॉ. देवेंद्र भसीन, श्री श्याम अग्रवाल समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

