ऊधमसिंहनगर पुलिस की नशा तस्करों पर डबल स्ट्राइक, लाखों की नशीली सामग्री बरामद

ऊधमसिंहनगर पुलिस की नशा तस्करों पर डबल स्ट्राइक, लाखों की नशीली सामग्री बरामद
Spread the love

उद्यमसिंह नगर।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री मणिकांत मिश्रा के निर्देशानुसार जनपद ऊधमसिंहनगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और स्थानीय पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाईयों में लाखों की अवैध नशीली सामग्री के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई किच्छा थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस व एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने दरऊ चौकी अंतर्गत सैजना मोड़ पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक होतेलाल पुत्र ओमप्रकाश निवासी बरेली को रोका।

तलाशी के दौरान उसके पास से 573 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह अफीम मुसाईद क्षेत्र से लाया था। बरामद अफीम की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई रुद्रपुर थाना क्षेत्र में की गई, जहां एएनटीएफ और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से चेकिंग के दौरान पुराने वन स्टॉप सेंटर के पास एक युवक वेदप्रकाश उर्फ टिंकू पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम धमोरा, थाना मिलक, रामपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 19 किलो 502 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि वह यह नशीला पदार्थ पराग शर्मा नामक व्यक्ति के साथ एक अर्टिगा कार से रुद्रपुर लेकर आया था। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है तथा पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार बड़ी कामयाबी हासिल कर रही है। हालिया कार्रवाई से स्पष्ट है कि ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी तरह से टॉप गियर में आ चुकी है और नशे के काले कारोबार की कमर तोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

देवभूमि खबर

Related articles