देश की सेना का अपमान करने वाले मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री को बर्खास्त करें प्रधानमंत्री: सूर्यकांत धस्माना
कांग्रेस नेता बोले – जेपी नड्डा मंत्री को करें पार्टी से निष्कासित, एमपी सीएम करें मुकदमा दर्ज*
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन व प्रशासन सूर्यकांत धस्माना ने मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि वह देश की सेना का अपमान करने वाले मंत्री को तत्काल बर्खास्त करें। धस्माना ने कहा कि मंत्री विजय शाह ने प्रधानमंत्री का नाम लेकर सेना का अपमान किया, जो बेहद निंदनीय और शर्मनाक है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री धस्माना ने कहा कि न तो प्रधानमंत्री ने इस विषय में कोई प्रतिक्रिया दी और न ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने मंत्री को पार्टी से बाहर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश पुलिस ने भी इस गंभीर मामले में अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है। कांग्रेस नेता ने मांग की कि विजय शाह को पार्टी से सदा के लिए निष्कासित किया जाए और उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा कायम कर उन्हें जेल भेजा जाए।
धस्माना ने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी की तीसरी पीढ़ी सेना में सेवा दे रही है और उनका योगदान देश के लिए अतुलनीय है। ऐसे में भाजपा मंत्री द्वारा उनके खिलाफ की गई टिप्पणियां न केवल आपत्तिजनक हैं बल्कि देशद्रोह की श्रेणी में आती हैं। उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने पीओके में आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त किया और पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई को सेना ने बहादुरी से नाकाम किया। इस पूरी घटना की जानकारी देश और दुनिया को कर्नल सोफिया कुरैशी, विंग कमांडर व्योहमिका सिंह और विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने दी थी।
धस्माना ने बताया कि इन अधिकारियों की विश्वसनीय जानकारी के आधार पर पूरा देश इन पर गर्व कर रहा है। मगर इसी दौरान भाजपा समर्थित ट्रॉलर्स ने विदेश सचिव विक्रम मिस्री और उनके परिवार को निशाना बनाकर अमर्यादित टिप्पणियां कीं और उनके परिवार की बेटियों को लेकर भी घोर आपत्तिजनक पोस्ट की गईं। उन्होंने कहा कि इस मामले में भी केंद्र सरकार द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब एक बार फिर नफरती एजेंडे पर लौट आई है, क्योंकि ट्रंप के बयान और भारत-पाक युद्धविराम में अमेरिकी दखल से भाजपा बौखला गई है। इसी कारण से देशभक्त अधिकारियों और सेना पर हमले किए जा रहे हैं।
प्रेस वार्ता में उनके साथ प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल भी मौजूद रहे।

