हत्या के मामले में जांच न होने पर गढ़वाल आईजी से मिली यूकेडी की महामंत्री राजेश्वरी रावत
देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल की केंद्रीय महामंत्री राजेश्वरी रावत ने आज उत्तरकाशी जनपद के थाना बड़कोट क्षेत्र में हुई एक हत्या के मामले में जांच न होने पर गढ़वाल परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) से मुलाकात कर गंभीर चिंता जताई।
श्रीमती रावत ने बताया कि यह मामला पारिवारिक संपत्ति को कब्जा करने को लेकर हुई हत्या से जुड़ा है, जिसकी जानकारी और आरोपियों के नाम पुलिस को दो माह पहले दे दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई जांच शुरू नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज होना चाहिए।
उन्होंने आईजी गढ़वाल से मांग की कि इस प्रकरण की जांच के आदेश सीधे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी को दिए जाएं ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि हत्या जैसे गंभीर मामले में पुलिस की उदासीनता चिंताजनक है और यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उत्तराखंड क्रांति दल व्यापक आंदोलन करेगा।
इस अवसर पर कार्यालय प्रभारी देवचंद उत्तराखंडी, समीर मुंडेपी व डीडी पंत भी उनके साथ उपस्थित रहे।

