प्रदेश कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियां फिर से शुरू की, जय हिंद रैलियों और पंचायत चुनाव की तैयारियों का एलान

प्रदेश कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियां फिर से शुरू की, जय हिंद रैलियों और पंचायत चुनाव की तैयारियों का एलान
Spread the love

देहरादून। ऑपरेशन सिंदूर के चलते कुछ समय के लिए स्थगित की गई उत्तराखंड कांग्रेस की संगठनात्मक और आंदोलनात्मक गतिविधियां अब फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दी गई हैं। यह जानकारी उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन सूर्यकांत धस्माना ने कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि पार्टी के जिलावार प्रशिक्षण शिविर शुरू कर दिए गए हैं और आने वाले दिनों में प्रदेश की हर विधानसभा में ‘संविधान बचाओ’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें गोष्ठियों और सम्मेलनों के साथ अब ‘जय हिंद तिरंगा सम्मान’ कार्यक्रम भी जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर एआईसीसी ने देशभर में कांग्रेस की सभी राजनीतिक गतिविधियों को राष्ट्रहित में स्थगित कर दिया था, लेकिन अब युद्धविराम के बाद ये कार्यक्रम पूरी तरह से पुनः शुरू हो गए हैं। देहरादून में पहले ही तिरंगा जय हिंद यात्रा और संविधान बचाओ रैली आयोजित की जा चुकी है, इसलिए अब यह कार्यक्रम प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में होंगे। उन्होंने बताया कि 20 मई से 30 मई तक देश के प्रमुख शहरों में जय हिंद तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी, जिसमें उत्तराखंड का हल्द्वानी भी शामिल होगा, जिसकी तिथि जल्द घोषित की जाएगी।

पंचायत चुनावों को लेकर श्री धस्माना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंचायत चुनाव कराने से डर रही है, यही वजह है कि सरकार ने प्रशासकों का कार्यकाल तीन महीने और बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पंचायत चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और शीघ्र ही जिला पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर उन्हें जिलों में भेजा जाएगा।

प्रेस वार्ता में धस्माना ने मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग को दोहराते हुए कहा कि उनके बयान ने भाजपा के असली चेहरे को उजागर कर दिया है, जो सेना विरोधी, महिला विरोधी और अल्पसंख्यक विरोधी है। साथ ही उन्होंने कहा कि ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी अपना पक्ष संसदीय समिति के सामने मजबूती से रखेगी।

देवभूमि खबर

Related articles