जल संरक्षण को लेकर चेक डैम निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की समीक्षा बैठक

जल संरक्षण को लेकर चेक डैम निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की समीक्षा बैठक
Spread the love

देहरादून।मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में सिंचाई विभाग द्वारा जल संरक्षण के लिए बनाए जा रहे चेक डैम की समीक्षा की। उन्होंने जल स्रोत एवं नदी पुनरोद्धार प्राधिकरण (SARRA) के अंतर्गत सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग द्वारा तैयार किए जा रहे प्रस्तावों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चेक डैम्स की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी और पूरे प्रदेश में इनका निर्माण कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि एक करोड़ रुपये से कम लागत वाले प्रस्तावों को जिला स्तर पर ही निस्तारित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पेयजल की दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रस्तावों को प्राथमिकता दी जाए और पेयजल निगम एवं जल संस्थान को भी इस कार्य में सम्मिलित किया जाए। दोनों संस्थाओं से पानी की कमी वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर उनके लिए संयुक्त प्रस्ताव तैयार करने और जॉइंट रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि जिन कार्यों की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार हो गई है, उनके शासनादेश शीघ्र जारी किए जाएं। प्रत्येक प्रस्ताव के लिए आवश्यक प्रशासनिक संस्तुतियों — जैसे ईसी, एफसी, टीएसी एवं ईएफसी — के लिए समयसीमा तय करते हुए एक कार्य कैलेण्डर भी तैयार किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराए जाएं।

सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने जानकारी दी कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बैराज एवं चेक डैम निर्माण कार्य जारी हैं। नैनीताल, अल्मोड़ा, देहरादून और पौड़ी जिलों में जलाशयों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। वर्ष 2024-25 में प्राथमिकता के आधार पर 111 स्रोतों में से 105 पर कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष 6 पर कार्य प्रगति पर है। आगामी वर्ष 2025-26 के लिए 124 कार्य प्रस्तावित हैं, जिनकी डीपीआर एवं प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है।

इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जल स्रोत एवं नदी पुनरोद्धार प्राधिकरण श्रीमती नीना ग्रेवाल, सिंचाई विभाग से जयपाल सिंह एवं लघु सिंचाई से बृजेश कुमार तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles