चारधाम यात्रा और मानसून को देखते हुए 108 एम्बुलेंस कर्मियों को दिया गया ‘ट्रामा केयर’ प्रशिक्षण
देहरादून। मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार वर्तमान में संचालित चारधाम यात्रा एवं आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए 108 आपातकालीन सेवा उत्तराखण्ड के एम्बुलेंस कर्मियों को ‘ट्रामा केयर’ प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य दुर्घटनाओं जैसी आपातकालीन स्थितियों में कर्मियों की तत्परता और दक्षता को और बेहतर बनाना है।
प्रशिक्षण का संचालन वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रसून माहेश्वरी, आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत चौधरी और श्री यशपाल सिंह ने किया। ऑनलाइन माध्यम से सभी जनपदों के ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) प्रशिक्षण से जुड़कर इसमें भागीदार बने।
डॉ. प्रसून माहेश्वरी ने प्रशिक्षण के दौरान दुर्घटनाओं से जुड़ी चोटों और उनके प्राथमिक उपचार की विस्तृत जानकारी दी, जिससे कर्मी और अधिक प्रभावी ढंग से सेवा दे सकें। डॉ. प्रशांत चौधरी ने विभिन्न आपातकालीन स्थितियों की पहचान और उनमें उचित चिकित्सा उपायों पर जोर दिया। वहीं, श्री यशपाल सिंह ने दुर्घटनाग्रस्त मरीज को सुरक्षित परिवहन और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
कैंप 108 आपातकालीन सेवा के महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट्स) अनिल शर्मा ने बताया कि सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने हेतु संस्था समय-समय पर कर्मियों को प्रशिक्षित करती रहती है। आज का प्रशिक्षण भी अत्यंत लाभकारी रहा, जिसमें कर्मियों ने दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों से संबंधित प्रश्न पूछकर जानकारी हासिल की। प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी और व्यावहारिक बताया।

