बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का कोटद्वार व यमकेश्वर में भव्य नागरिक अभिनंदन
कोटद्वार/यमकेश्वर/पौड़ी।श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी)** के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का कोटद्वार व यमकेश्वर क्षेत्र में भव्य स्वागत एवं नागरिक अभिनंदन किया गया। पारंपरिक ढोल-दमाऊं, फूल मालाओं, पुष्पगुच्छों और स्मृति चिन्हों के साथ विभिन्न संगठनों, मंदिर समितियों और जनसाधारण ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

द्विवेदी ने श्री सिद्धबली हनुमान मंदिर में दर्शन कर महंत दिलीप रावत से भेंट की और थलनदी में सर्वानंद शास्त्री गोवत्स द्वारा आयोजित रामकथा का श्रवण किया। कांडाखाल में उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ता विद्या दत्त भट्ट को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में बीकेटीसी अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चारधाम व दिव्य मंदिर श्रृंखलाओं के विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने श्रद्धालुओं को बदरीनाथ व केदारनाथ धाम के दर्शन हेतु आमंत्रित भी किया।
इस नागरिक अभिनंदन के उपरांत हेमंत द्विवेदी अपने पैतृक गांव खोबरा पहुंचे, जहां वह कुल देवता की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पैतृक गांव पंचूर जाएंगे और फिर श्री बदरीनाथ धाम की ओर प्रस्थान करेंगे।
अभिनंदन समारोह में कोटद्वार मेयर शैलेंद्र रावत, जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, गौरक्षा समिति अध्यक्ष डा. राजेंद्र अंथ्वाल, नगर अध्यक्ष आशीष रावत, यमकेश्वर मंडल अध्यक्ष अनिल रावत, वरिष्ठ नेता दीपक ध्यानी, दिगंबर कुकरेती, सरोज देवी, मनोरमा देवी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
