स्टेडियम का नाम नहीं बदला, केवल खेल परिसरों को दिया गया है नया नाम: खेल विभाग
देहरादून।प्रदेश में चार प्रमुख खेल परिसरों के नामकरण को लेकर उपजे विवाद और भ्रम पर खेल विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि किसी भी स्टेडियम का नाम नहीं बदला गया है, केवल सम्पूर्ण खेल परिसरों को नई पहचान दी गई है।
अपर निदेशक खेल अजय कुमार अग्रवाल द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि जनपद देहरादून के रायपुर, हरिद्वार के रोशनाबाद, ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर, और नैनीताल के हल्द्वानी (गौलापार) स्थित खेल परिसरों को रजत जयंती खेल परिसर, योगस्थली खेल परिसर, शिवालिक खेल परिसर, और मानसखंड खेल परिसर के नाम से पहचाना जाएगा।
विज्ञप्ति में यह भी साफ किया गया है कि इन परिसरों के अंतर्गत स्थित पूर्ववर्ती महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मनोज सरकार स्टेडियम, तथा वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम सहित अन्य सभी खेल अवस्थापना सुविधाओं के नाम पूर्ववत ही रहेंगे।
**खेल विभाग ने सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में चल रही उन खबरों को “भ्रामक” और “तथ्यों से परे”बताया है जिनमें यह कहा जा रहा है कि स्टेडियमों के नाम बदल दिए गए हैं। विभाग ने दोहराया कि केवल सम्पूर्ण खेल परिसरों को भौगोलिक व सांस्कृतिक पहचान देने के उद्देश्य से नाम दिए गए हैं, ताकि *प्रतियोगिताओं के आयोजन, खिलाड़ियों की पहचान, और आगंतुकों की सुविधा* में स्पष्टता लाई जा सके।
खेल विभाग ने सभी से तथ्यों पर आधारित सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है और स्पष्ट किया है कि भविष्य में बनने वाली सभी नई अवस्थापना सुविधाएं भी इन्हीं परिसरों के अंतर्गत समाहित की जाएंगी।

