देहरादून में 1.59 लाख गैस उपभोक्ताओं की E-KYC अब भी बाकी, 23 अगस्त तक मिलेगा मौका

देहरादून। जनपद में घरेलू गैस कनेक्शनों की E-KYC प्रक्रिया तेजी से चल रही है। भारत सरकार ने उपभोक्ताओं को एक और अवसर देते हुए E-KYC की अंतिम तिथि अब 23 अगस्त 2026 निर्धारित की है। जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने सभी गैस उपभोक्ताओं से समय रहते E-KYC कराने की अपील की है।
देहरादून जनपद में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 5,57,546 उपभोक्ताओं ने अपनी E-KYC पूरी कर ली है, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं की E-KYC अभी लंबित है। लंबित उपभोक्ताओं में 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं।
उपभोक्ता E-KYC के लिए तीन सरल माध्यम अपना सकते हैं। पहला, संबंधित गैस एजेंसी में जाकर E-KYC कराई जा सकती है। दूसरा, गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी कर्मी के पास उपलब्ध मोबाइल एप और बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। तीसरा, संबंधित तेल विपणन कंपनी इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस के अधिकृत मोबाइल एप को डाउनलोड कर उपभोक्ता स्वयं भी E-KYC कर सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि 23 अगस्त का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी E-KYC पूर्ण करा लें, ताकि घरेलू LPG सेवाओं का निर्बाध लाभ मिलता रहे।
