अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने केदारनाथ धाम की यात्रा और सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं से संवाद
रुद्रप्रयाग।अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखंड, डॉ. वी. मुरुगेशन, जनपद रुद्रप्रयाग के भ्रमण पर पहुंचे। अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्होंने श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर हेलीपैड से लेकर मंदिर परिसर तक की सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. मुरुगेशन ने केदारनाथ धाम में बने नवीन पुलिस चौकी भवन की आवासीय व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने केदारनाथ धाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर उनके यात्रा अनुभव भी जाने।
इस वर्ष से प्रारंभ किए गए टोकन काउंटर और लाइन व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस बल की तैनाती और लाइन प्रबंधन एवं क्राउड कंट्रोल के लिए दिशा-निर्देश जारी किए।
इसके अलावा, उन्होंने फाटा से सोनप्रयाग तक की यात्रा व्यवस्थाओं, पार्किंग प्रबंधन और यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सीतापुर और सोनप्रयाग में पार्किंग को व्यवस्थित कर अधिक से अधिक वाहनों की पार्किंग और सुगम एंट्री-एग्जिट के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए।
डॉ. मुरुगेशन ने सोनप्रयाग और गौरीकुंड क्षेत्र में सुबह के समय श्रद्धालुओं की भीड़ को सुव्यवस्थित रखने के लिए लाइन प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच चलने वाली शटल सेवा और उसकी लाइन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और शटल सेवा को निर्बाध और सुचारू रूप से चलाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अवसर पर केदारनाथ में पुलिस उपाधीक्षक अभिनय चौधरी, चौकी प्रभारी केदारनाथ राजीव चौहान, सोनप्रयाग में पुलिस उपाधीक्षक हर्षवर्धनी सुमन, पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर, कोतवाली सोनप्रयाग प्रभारी निरीक्षक राकेन्द्र कठैत, निरीक्षक देवेंद्र सिंह असवाल, यातायात निरीक्षक श्याम लाल सहित अधीनस्थ पुलिस बल उपस्थित रहे।
