पटेलनगर फायरिंग मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी रोहित कार समेत गिरफ्तार

पटेलनगर फायरिंग मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी रोहित कार समेत गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग कर एक युवक को घायल करने के मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों में एक आरोपी को घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि स्विफ्ट कार सवार युवकों ने पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग की है, जिसमें एक युवक घायल हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। घायल युवक साहिल को उसके साथियों ने उपचार के लिए महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना के संबंध में साहिल के साथी अंशुल निवासी शिकारपुर, मंगलौर ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि उसका और उसके साथी आदित्य व सुजल का गुरमीत नामक युवक से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते गुरमीत ने अपने साथियों अमन, रोहित और एक अन्य युवक के साथ मिलकर उन पर फायरिंग की, जिसमें साहिल गोली लगने से घायल हो गया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 544/26, धारा 109/3(5)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जनपद के सभी थानों और सीमावर्ती चेक पोस्टों को संदिग्ध कार सवारों की तलाश के लिए अलर्ट किया। इसी दौरान सघन चेकिंग के परिणामस्वरूप पुलिस ने नया गांव बैरियर के पास घटना में शामिल आरोपी रोहित को घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में रोहित ने पुलिस को बताया कि गुरमीत का उक्त युवकों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते गुरमीत और उसके साथियों ने आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर आदित्य, सुजल और उनके साथियों पर फायरिंग की। इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। मौके पर लोगों के एकत्र होने पर आरोपी स्विफ्ट कार से फरार हो गए। आदित्य और उसके साथियों द्वारा मोटरसाइकिल से पीछा करने पर शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास गुरमीत ने दोबारा फायरिंग की, जिसमें साहिल घायल हो गया।

देवभूमि खबर

Related articles