बस चालक को थार से कुचलने का प्रयास करने वाला आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। बस चालक को थार वाहन से कुचलने का प्रयास करने के मामले में दून पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 13 अगस्त 2026 को मोतीचूर फ्लाईओवर पर बस चालक को जान से मारने की नीयत से अपनी थार उसके ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया था। इस दौरान चालक को कुछ दूर तक घसीटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। आरोपी ने एक अन्य मारुति सियाज कार को भी टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया था।
घटना के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपने घर से फरार होकर मेरठ चला गया था। पुलिस के अनुसार, वह 19 अगस्त को ऋषिकेश कोर्ट में सरेंडर करने के लिए आ रहा था, तभी उसे बहादराबाद तिराहे के पास गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय जौलीग्रांट की बस संख्या UK-07-PA-6552 विद्यार्थियों और दो महिला स्टाफ को लेकर हरिद्वार जा रही थी। नेपाली फार्म के पास काले रंग की थार संख्या UK-06-BD-0070 का चालक बस के आगे-पीछे वाहन चलाने लगा।
मोतीचूर फ्लाईओवर पर बस चालक ने थार को रोककर चालक से इस तरह वाहन चलाने का कारण पूछा। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि तैश में आकर थार चालक ने जानबूझकर अपनी गाड़ी बस चालक के ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया। चालक को कुछ दूरी तक घसीटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद थार ने आगे चल रही मारुति सियाज कार संख्या UK-15-5223 को भी टक्कर मार दी और आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के संबंध में वादिनी प्राची शर्मा की तहरीर पर थाना रायवाला में मुकदमा अपराध संख्या 135/2026, धारा 109(1)/324(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रायवाला के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी और थार वाहन की तलाश के लिए जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में मेरठ और दिल्ली क्षेत्र में भी दबिश दी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ऋषिकेश कोर्ट में सरेंडर करने के लिए आने वाला है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 19 अगस्त 2026 को गुरु नानक ढाबा, बहादराबाद तिराहे से देव चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त थार कार बरामद की गई।
पूछताछ में देव चौधरी ने बताया कि थार वाहन उसके पिता के दोस्त संदीप कुमार के नाम पंजीकृत है और वह वर्ष 2022 से इसे चला रहा है। 13 अगस्त को वह अपने दोस्त मानव चौहान के साथ नेपाली फार्म के पास था। वहां जौलीग्रांट कॉलेज की बस दिखाई दी, जिसमें उसकी परिचित एक लड़की सवार थी। इसके बाद उसने बस के आगे-पीछे थार चलानी शुरू कर दी।
बस के मोतीचूर फ्लाईओवर पर रुकने के बाद बस में सवार कुछ लोगों ने नीचे उतरकर उस पर नाराजगी जताई। आरोपी के अनुसार, वह गुस्से में आ गया और उसने वाहन बस चालक की ओर बढ़ा दिया। इसी दौरान आगे चल रही सियाज कार को भी टक्कर लग गई और वह थार लेकर मौके से फरार हो गया।
देव चौधरी (20 वर्ष) पुत्र गुड्डू चौधरी उर्फ विकास चौधरी, निवासी गली नंबर 07, टिहरी विस्थापित कॉलोनी, न्यू शिवालिक नगर, थाना रानीपुर, जनपद हरिद्वार।
बरामदगी
- घटना में प्रयुक्त थार कार संख्या UK-06-BD-0070
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रघुबीर कपरवान, हेड कांस्टेबल राजीव यादव, कांस्टेबल दीपक कुमार और कांस्टेबल विकास कुमार शामिल रहे।
