मुख्यमंत्री धामी ने 75 मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री धामी ने 75 मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए कई घोषणाएं
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में उत्तराखण्ड माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 75 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम अमर उजाला समाचार पत्र द्वारा आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर उजाला प्रतिवर्ष राज्य के प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन कर रहा है। उन्होंने कहा कि सम्मानित हो रहे सभी मेधावी विद्यार्थी राज्य के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। उन्होंने सभी बच्चों के माता-पिता, शिक्षकों और स्कूलों को भी बधाई दी, जिन्होंने बच्चों को इस मुकाम तक पहुंचाने में योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य की गई हैं और कक्षा 1 से 12 तक के सभी छात्रों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें दी जा रही हैं। राज्य के 226 विद्यालयों को पीएम श्री विद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है, 500 विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं संचालित की जा रही हैं और 840 नए विद्यालयों में हाइब्रिड मोड में स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड के सरकारी और अशासकीय स्कूलों के 6वीं से 12वीं कक्षा तक के मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से प्रत्येक माह छात्रवृत्ति दी जा रही है। बच्चों के व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से प्रत्येक विकासखंड के 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों को भारत भ्रमण पर भेजने की शुरुआत की गई है। माध्यमिक विद्यालयों में आठ ट्रेड्स में व्यावसायिक शिक्षा दी जा रही है, जिससे 42 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं कौशल आधारित शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। स्थानीय भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी भाषाओं में पुस्तकें तैयार की गई हैं। ‘हमारी विरासत’ पुस्तक के माध्यम से कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों को भारत की संस्कृति, लोक परंपरा और महान विभूतियों से परिचित कराने का कार्य भी किया जा रहा है। बच्चों में कौशल, उद्यमिता और भारतीय ज्ञान परंपरा को विकसित करने के लिए कौशलम कार्यक्रम भी प्रारंभ किया गया है।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी, अमर उजाला के सलाहकार संपादक श्री उदय कुमार, देहरादून संपादक श्री अनुप वाजपेयी और यूनिट हेड श्री पंकज शर्मा भी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles