HTML tutorial
HTML tutorial

हल्द्वानी डकैती कांड का खुलासा, दो नकाबपोश आरोपी गिरफ्तार; हथियार, कारतूस और लूटी रकम बरामद

हल्द्वानी डकैती कांड का खुलासा, दो नकाबपोश आरोपी गिरफ्तार; हथियार, कारतूस और लूटी रकम बरामद
Spread the love

हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर हुई लाखों रुपये की डकैती का नैनीताल पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल-तमंचे, 8 जिंदा कारतूस और लूटी गई धनराशि बरामद की है। घटना में करीब 8 लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन-अंगूठियां लूटे जाने की सूचना थी।

19 अगस्त 2026 की शाम डायल-112 के माध्यम से पुलिस को गोरापड़ाव क्षेत्र में 10-12 हथियारबंद लोगों द्वारा लूटपाट किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शिकायतकर्ता नारायण दास की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में 10 अज्ञात हथियारबंद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र खुलासे के लिए करीब 50 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित कीं। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी हल्द्वानी, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी, क्षेत्राधिकारी लालकुआं, थाना पुलिस, SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, BDS, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों को शामिल किया गया।

पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और सर्विलांस का बारीकी से विश्लेषण किया। सुरागरसी-पतारसी और पूछताछ के आधार पर दो संदिग्धों वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू (25) निवासी सितारगंज और रखवीर सिंह (28) निवासी ईश्वरपुर, थाना शीशगढ़, बरेली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि किच्छा निवासी यश सिडाना से उनकी मुलाकात हुई थी। यश सिडाना जुए में लाखों रुपये हार चुका था और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। कथित तौर पर इसी दौरान हल्द्वानी के गोरापड़ाव में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की जानकारी मिलने पर डकैती की योजना बनाई गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले घटनास्थल की रेकी की और इसके बाद अन्य लोगों को योजना में शामिल किया। नकाब पहनकर हथियारों के बल पर कार्यालय में डकैती डालने के बाद नकदी, सोने के आभूषण और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। लूट की रकम आपस में बांटने के बाद आरोपियों ने अपने-अपने ठिकानों का रुख किया। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से लूटे गए मोबाइल फोन रास्ते में ही फेंक दिए गए।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर धारा 61(2) और 317(3) BNS की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, अपराध को संगठित तरीके से अंजाम दिए जाने के आधार पर BNS के नए प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू पुत्र सुखपाल सिंह, निवासी विथा अकबर, सितारगंज, ऊधमसिंह नगर और रखवीर सिंह पुत्र हरविंदर सिंह, निवासी ईश्वरपुर, थाना शीशगढ़, जिला बरेली के रूप में हुई है।

पुलिस टीम की सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2,500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।

देवभूमि खबर

Related articles