उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश के बीच लंबित आस्तियों व दायित्वों पर सीएम धामी की समीक्षा बैठक, जल्द होगी यूपी सीएम से मुलाकात
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड राज्य के मध्य अवशेष आस्तियों एवं दायित्वों से संबंधित मामलों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों में दोनों राज्यों के बीच पिछली बैठक में सहमति बनी थी, उनमें से जिन प्रकरणों पर कार्यवाही चल रही है, उन्हें उत्तर प्रदेश के अधिकारियों के साथ बैठक कर शीघ्र समाधान की दिशा में आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने यह भी कहा कि वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ से शीघ्र ही भेंट कर दोनों राज्यों के बीच शेष आस्तियों और दायित्वों के समाधान हेतु वार्ता करेंगे। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की पिछली बैठक के बाद जिला उधमसिंहनगर एवं हरिद्वार में स्थित जलाशयों/नहरों में वाटर स्पोर्ट्स की अनुमति दी जा चुकी है।
सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा विद्युत बिलों के रूप में 57.87 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उत्तर प्रदेश मत्स्य निगम द्वारा उत्तराखण्ड मत्स्य पालन विकास अभिकरण को 3.98 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई है। इसके अलावा, वन विकास निगम उत्तराखण्ड को दी जाने वाली देयताओं का आंशिक भुगतान हो चुका है, जबकि परिवहन निगम की अवशेष राशि का भी भुगतान कर दिया गया है। साथ ही, आवास विभाग के अंतर्गत आवास विकास परिषद की परिसंपत्तियों के निस्तारण का निर्णय भी लिया गया है।
इस बैठक में मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर. के. सुधांशु, श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. नीरज खैरवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

