शहीदों की स्मृति में भागवत कथा, वीर बलिदानियों की महिमा का किया गुणगान

शहीदों की स्मृति में भागवत कथा, वीर बलिदानियों की महिमा का किया गुणगान
Spread the love

देहरादून। बद्रीपुर स्थित नाइन पाम रिसोर्ट में सोसायटी ऑफ मिशन 4जी प्लस की ओर से वीर शहीदों और शहीद राज्य आंदोलनकारियों की पावन स्मृति को समर्पित श्रीमद्भागवत कथा के द्वितीय दिवस का आयोजन श्रद्धा और देशभक्ति के वातावरण में हुआ। कथा व्यास आचार्य श्याम सुंदर गौतम महाराज ने वीर बलिदानियों की महिमा का वर्णन करते हुए उन्हें ईश्वरीय शक्ति का अवतार बताया। उन्होंने कहा कि देश और समाज की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों के प्रति प्रत्येक देशवासी सदैव ऋणी रहेगा।

कथा के दौरान शिव गौरी कीर्तन मंडली मियावाला, मां दुर्गा कीर्तन मंडली हरिपुर नवादा, गौरा कीर्तन मंडली प्रेमनगर, दिव्य विहार कीर्तन मंडली मियावाला और शिव गौरा भजन मंडली बद्रीपुर की ओर से देशभक्ति गीतों एवं भजनों की प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक भाव से भर दिया।

द्वितीय दिवस पर शहीद परिवारों को मुख्य यजमान के रूप में सम्मानित करते हुए स्मृति चिह्न भेंट किए गए और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर सेना में शहीद हुए वीर बलिदानी राहुल बिष्ट के माता-पिता, शहीद सुजान सिंह के परिजन, वीर बलिदानी तेजबहादुर थापा के पुत्र एवं बहू तथा शहीद राज्य आंदोलनकारी गिरीश भद्री की माता और उनके परिजन उपस्थित रहे।

आयोजन के दौरान प्रधानाचार्य प्रतिभा पाठक ने क्षेत्र की सम्मानित कीर्तन मंडलियों से जुड़ी महिलाओं को कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता करने और सेवा-समर्पण भाव से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। विजय राम मजेड़ा और उनकी पुत्री पुष्पा ने अपने वीर बलिदानी के लिए पूजन किया।

आयोजकों ने देशभक्ति और धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस आयोजन में अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष सुभाष भट्ट, कार्यक्रम संयोजक डॉ. राकेश उनियाल, हीरा देवी भट्ट, नत्थी सिंह राणा, डॉ. लक्ष्मण सिंह बिष्ट, नंदनी ढौडियाल, नीतू रावत, रामेश्वरी चौहान, सूबेदार दर्शन सिंह बिष्ट, सूबेदार सुमन सिंह साजवान, कैप्टन जितेंद्र सिंह मियां, गीतांजलि दत्ता, वंदना रावत, दीपिका रौतेला, कुँवर सिंह पुंडीर, मधु थापा, हीरा शाही, वैजयन्ती सहित क्षेत्र की अनेक मातृशक्ति और दूर-दराज से आए गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles