मुख्यमंत्री ने की शिक्षा विभाग की समीक्षा, ड्रॉपआउट बालिकाओं को फिर से स्कूल से जोड़ने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने की शिक्षा विभाग की समीक्षा, ड्रॉपआउट बालिकाओं को फिर से स्कूल से जोड़ने के दिए निर्देश
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शिक्षा विभाग की गेम चेंजर योजनाओं की वर्चुअल समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को शिक्षा क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए समेकित प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रवेशोत्सव के माध्यम से कक्षा पहली, छठी और नवीं में अधिकाधिक छात्रों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बालिकाओं के ड्रॉपआउट को कम करने और उन्हें पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा मिले।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं को किताबें, नोटबुक और यूनिफॉर्म समय पर उपलब्ध कराई जाएं। शिक्षा विभाग की अनुपयोगी परिसंपत्तियों का सदुपयोग किया जाए और बालिकाओं के लिए अलग शौचालय व सेनेटरी पैड की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, स्कूल भवनों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को समग्र बनाने के लिए कला, रंगमंच, खेलकूद, फिट इंडिया अभियान को स्कूलों में बढ़ावा देने और परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने शिक्षकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश भी दिए।

बैठक में बताया गया कि भारत दर्शन योजना के तहत अब तक 156 टॉपर्स को दिल्ली, हिमाचल, पंजाब और हरियाणा भ्रमण के लिए भेजा गया है। इस वर्ष 1082 टॉपर्स को इस योजना में शामिल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, राज्य के 559 क्लस्टर स्कूलों को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिनमें 4019 स्मार्ट क्लास संचालित की जाएंगी।

इस बैठक में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शिक्षा श्री रविनाथ रमन, शिक्षा महानिदेशक सुश्री दीप्ति सिंह, स्थानिक आयुक्त श्री अजय मिश्रा सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles