श्रावण संक्रांति पर केदारनाथ धाम में विश्व शांति हेतु रुद्राभिषेक शुरू, ब्रह्मकमल से की गई विशेष पूजा

श्रावण संक्रांति पर केदारनाथ धाम में विश्व शांति हेतु रुद्राभिषेक शुरू, ब्रह्मकमल से की गई विशेष पूजा
Spread the love

श्री केदारनाथ धाम। ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ मंदिर में श्रावण संक्रांति के पावन अवसर पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने विश्व शांति और जगत कल्याण के संकल्प के साथ विशेष रुद्राभिषेक पूजा प्रारंभ की। भगवान केदारनाथ को ब्रह्मकमल अर्पित कर यह पूजा शुरू की गई, जो पूरे सावन मास तक प्रतिदिन आयोजित की जाएगी।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने जानकारी दी कि यह पूजा ब्रह्मकमल के पुष्पों से संपन्न की जा रही है। साथ ही हरेला पर्व के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में ब्रह्मकमल के पौधों का रोपण भी किया गया।

श्रावण मास में केदारनाथ धाम में पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। इस अवसर पर देशभर से कांवड़ यात्री भारी संख्या में केदारनाथ पहुंच रहे हैं, वहीं स्थानीय श्रद्धालु भी लगातार दर्शन हेतु आ रहे हैं। बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, मंदिर ब्रह्ममुहूर्त में तीर्थयात्रियों के लिए खोला जा रहा है, जहां भक्त भगवान केदारनाथ का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर रहे हैं।

आज की पूजा में बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, तीर्थ पुरोहित उमेश पोस्ती, श्री केदार सभा के पदाधिकारी, प्रभारी अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, प्रबंधक अरविंद शुक्ला, शैलेन्द्र शुक्ला, पारेश्वर त्रिवेदी और कुलदीप धर्म्वाण सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने भगवान केदारनाथ को श्रद्धा पूर्वक ब्रह्मकमल अर्पित किए।

देवभूमि खबर

Related articles