युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रदेश और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का सशक्त आधार मानते हुए शिक्षा, कौशल, नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ रोजगार सृजक के रूप में स्थापित कर रही हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार और उद्यम के लिए पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे प्रयास स्थानीय उत्पादों और युवाओं को नई पहचान दिला रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, ‘वेड इन उत्तराखंड’ और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाओं से रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लागू देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जबकि उच्च शिक्षा को मजबूत करने के लिए मॉडल कॉलेज, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब और नए महाविद्यालयों की स्थापना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
युवा संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों के विभिन्न प्रश्नों का उत्तर भी दिया।
सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के संबंध में उन्होंने कहा कि साइबर सेल सक्रिय रूप से निगरानी कर रही है और भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। वहीं वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि सरकार इसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, घाटों के विकास के साथ ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित निगरानी व्यवस्था भी लागू की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नवाचार अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि उत्तराखंड का युवा विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से राज्य को देश का अग्रणी और सर्वश्रेष्ठ प्रदेश बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

