ऑपरेशन कालनेमि के तहत कोटद्वार पुलिस की बड़ी कार्यवाही, साधु-संतों के वेश में घूम रहे ढोंगी बाबाओं को किया गिरफ्तार
पौड़ी।देवभूमि उत्तराखंड में धर्म की आड़ में जनता की भावनाओं और आस्थाओं से खिलवाड़ करने वाले छद्म भेषधारी तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमि” के अंतर्गत कोटद्वार पुलिस द्वारा आज एक बड़ी कार्रवाई की गई। 19 जुलाई 2025 को कोतवाली कोटद्वार क्षेत्र में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ऐसे आठ व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जो साधु-संतों का भेष धारण कर विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे थे और जनता को गुमराह कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने सभी के विरुद्ध विधिक धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की है तथा उनकी पहचान, गतिविधियों और आपराधिक पृष्ठभूमि की गहन जांच की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में सतीश दत्त जोशी पुत्र भगवान स्वरूप जोशी, निवासी नगली पथवारी, चांदपुर, जिला बिजनौर; नीतू जोशी पुत्र आनंद जोशी, निवासी बढ़ापुर, थाना बढ़ापुर, बिजनौर; विजय जोशी पुत्र सोमनाथ प्रसाद जोशी, निवासी नजीबाबाद; नितिन जोशी पुत्र नरेश जोशी, निवासी सिकंदरपुर, नजीबाबाद; शिवम जोशी पुत्र मंगतराम जोशी, निवासी सिकंदरपुर, नजीबाबाद; केसरी जोशी पुत्र मुरली, निवासी सिकंदरपुर, नजीबाबाद; ऋतिक जोशी पुत्र राजेश जोशी, निवासी बढ़ापुर, नगीना; तथा मनदीप कुमार जोशी पुत्र सुरेंद्र जोशी, निवासी बढ़ापुर, नगीना, जिला बिजनौर शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में इस तरह की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऑपरेशन कालनेमि के तहत ऐसे सभी फर्जी बाबाओं और धार्मिक वेश में धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

