पंचायत चुनाव के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब, मादक पदार्थ और नकदी बरामद, जब्ती का आंकड़ा 15.79 करोड़ रुपये पार
देहरादून।उत्तराखंड में जारी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के तहत आदर्श आचार संहिता के पालन में पुलिस और आबकारी विभाग की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में 22 जुलाई 2025 को बड़ी मात्रा में शराब, मादक पदार्थ और नगदी जब्त की गई है।
पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में शराब की बड़ी बरामदगी 22 जुलाई को पुलिस विभाग द्वारा 822.820 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹7,01,862 आंकी गई है। वहीं, आबकारी विभाग द्वारा 291 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,18,863 रही।
पंचायत चुनाव शुरू होने से लेकर 22 जुलाई 2025 तक उत्तराखंड में:
- कुल शराब बरामद: 28,546.905 लीटर, अनुमानित लागत: ₹1,77,19,512
- कुल मादक पदार्थ (ड्रग्स): 38.4167 किलोग्राम, अनुमानित मूल्य: ₹13,69,46,209
- कीमती धातु की बरामदगी: 0.3915 किलोग्राम, अनुमानित मूल्य: ₹25,10,000
- कुल जब्त नगदी (22 जुलाई तक): ₹6,92,100, जिसमें से ₹2,70,000 सिर्फ 22 जुलाई को जब्त की गई।
22 जुलाई 2025 तक त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के दौरान अब तक की गई कार्रवाई में अवैध नकदी, शराब एवं मादक पदार्थों की कुल जब्ती का अनुमानित मूल्य ₹15,79,46,756 (पंद्रह करोड़ उन्नासी लाख छियालीस हजार सात सौ छप्पन रुपये मात्र) आंका गया है।
चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस और संबंधित एजेंसियां लगातार सतर्कता बरत रही हैं। अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने हेतु निगरानी एवं तलाशी अभियान लगातार जारी हैं।

