सीएम धामी ने किया “फिलॉसोफी एंड एक्शन ऑफ आरएसएस फॉर हिन्द स्वराज” पुस्तक का लोकार्पण – लैंड जिहाद, अवैध मदरसे और पाखंडियों पर सख्त एक्शन का दोहराया संकल्प
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आईआरडीटी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में “फिलॉसोफी एंड एक्शन ऑफ आरएसएस फॉर हिन्द स्वराज” पुस्तक के पुनः प्रकाशित संस्करण का लोकार्पण किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबोले और ‘प्रज्ञा प्रवाह’ के संयोजक श्री जे. नंदकुमार उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक कैथोलिक पादरी फादर एंथोनी द्वारा वर्ष 1951 में लिखी गई थी। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना और कार्यपद्धति का गहन अध्ययन प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि फादर एंथोनी ने संघ को एक अनुशासित, आध्यात्मिक चेतना से ओतप्रोत, राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित संगठन के रूप में वर्णित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संघ ने बीते 100 वर्षों में सांस्कृतिक पुनर्जागरण, सामाजिक समरसता, आत्मगौरव और राष्ट्रनिष्ठ सेवा की धारा प्रवाहित की है। आज का भारत अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और मूल्यों पर गर्व करता है – यह संघ की तपस्या का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में श्रीमद्भगवद्गीता पाठ को अनिवार्य कर एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक पहल की है। इसके साथ ही समान नागरिक संहिता कानून को लागू करने वाला उत्तराखंड पहला राज्य बन गया है।
सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि की डेमोग्राफी को बचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश में लव जिहाद, थूक जिहाद और लैंड जिहाद जैसी जिहादी मानसिकताओं पर सख्त कार्यवाही की जा रही है। सरकार ने अब तक सात हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को लैंड जिहादियों से मुक्त कराया है। इसके साथ ही 200 से अधिक अवैध मदरसे सील किए गए और 500 से अधिक अवैध निर्माण हटाए गए हैं।
“ मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन “कालनेमि” के तहत धर्म के नाम पर पाखंड फैलाने वाले तत्वों को चिन्हित कर उन पर सख्त कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने दोहराया कि देवभूमि में घुसपैठियों के लिए कोई स्थान नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है। अनुच्छेद 370 की समाप्ति, ट्रिपल तलाक और नागरिकता संशोधन जैसे निर्णयों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना को साकार किया है।
सीएम धामी ने कहा कि जन-धन योजना, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाया जा रहा है। राज्य सरकार भी विकल्प रहित संकल्प के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण हेतु निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में मंत्री डॉ. धन सिंह रावत समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवक व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

