उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पेंशन हिस्सेदारी के ₹1600 करोड़ जारी, मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पेंशन हिस्सेदारी के ₹1600 करोड़ जारी, मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 के लिए पेंशन हिस्सेदारी के रूप में ₹1600 करोड़ की धनराशि जारी किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और निरंतर संवाद का परिणाम है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच परिसंपत्तियों और दायित्वों से जुड़े कई विषयों का तेजी से समाधान किया जा रहा है। उन्होंने इसे वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता को मजबूती देने वाला कदम बताया और कहा कि दोनों राज्यों के बीच सहयोग की भावना से लंबित मामलों के निस्तारण को गति मिल रही है।

वित्तीय विवरण के अनुसार, महालेखाकार उत्तर प्रदेश द्वारा पेंशन व्यय के प्रभाजन के तहत वर्ष 2021-22 के लिए ₹952.26 करोड़ और वर्ष 2022-23 के लिए ₹1309 करोड़ की देयता आंकी गई थी। कुल ₹2261.26 करोड़ की देयता के सापेक्ष, उत्तर प्रदेश सरकार ने जुलाई 2025 में ₹1600 करोड़ की धनराशि अंतर्राज्यीय समायोजन प्रणाली के माध्यम से उत्तराखंड को हस्तांतरित की है।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस संबंध में भारतीय रिजर्व बैंक के माध्यम से धनराशि स्थानांतरित किए जाने को लेकर आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इससे उत्तराखंड की राजकोषीय स्थिति को मजबूती मिलेगी और पेंशन भुगतान की प्रक्रिया और भी सरल और व्यवस्थित हो सकेगी।

उन्होंने इस निर्णय को दोनों राज्यों के बीच परस्पर सहयोग, विश्वास और सकारात्मक संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

देवभूमि खबर

Related articles