कांवड़ मेला 2025 की सकुशल समाप्ति पर एसएसपी हरिद्वार ने CCR सभागार में की समीक्षा बैठक, मोमेंटो देकर अधिकारियों को किया सम्मानित

कांवड़ मेला 2025 की सकुशल समाप्ति पर एसएसपी हरिद्वार ने CCR सभागार में की समीक्षा बैठक, मोमेंटो देकर अधिकारियों को किया सम्मानित
Spread the love

हरिद्वार।कांवड़ मेला 2025 की सफल एवं शांतिपूर्ण समाप्ति के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा CCR सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी सुपर जोनल और जोनल प्रभारियों ने भाग लिया। इस दौरान मेले की संपूर्ण व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया गया और उसमें मिले सुझावों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में एसएसपी हरिद्वार ने कहा कि यह मेला हमारे लिए एक बड़ी चुनौती थी, जिसे पुलिस एवं प्रशासन की टीम ने आपसी समन्वय, टीम भावना और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न किया। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरी टीम के संयुक्त प्रयास का परिणाम है कि मेला निर्विघ्न और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

एसएसपी ने मेला व्यवस्था के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की खुले मंच से सराहना की। उनकी प्रशंसा में सभागार तालियों से गूंज उठा, जिससे उपस्थित पुलिसकर्मियों का मनोबल और उत्साह और भी बढ़ा।

उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में मेला व्यवस्थाएं और अधिक प्रभावी व सुव्यवस्थित बन सकें, इसके लिए जो भी कमियां देखी गईं, उन पर भी सामूहिक रूप से विचार किया गया है और आवश्यक सुझावों को संकलित किया जा रहा है।

बैठक के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा सभी सुपर जोनल, जोनल प्रभारी तथा अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों को कांवड़ मेला 2025 की स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया।

देवभूमि खबर

Related articles