चकराता, कालसी और विकासनगर में 78.49% मतदान, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ पंचायत चुनाव का पहला चरण
देहरादून,।त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में देहरादून जनपद के तीन विकासखंडों—चकराता, कालसी और विकासनगर में 78.49 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखा गया। बूथों पर लंबी कतारें लगी रहीं और युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
विकासखंड चकराता में 20831 महिलाओं और 25042 पुरुषों ने मतदान किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 76.60 रहा। कालसी में 21651 महिला व 24455 पुरुषों ने मतदान किया और 74.68 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। विकासनगर में 52926 महिलाओं, 53165 पुरुषों और 2 अन्य मतदाताओं ने मतदान कर 81.16 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित किया।
मतदान समाप्ति के बाद पोलिंग पार्टियों की वापसी शुरू हो गई है। सभी मत पेटियों को स्ट्रांग रूम में सील किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनज़र सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 28 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 31 जुलाई को संपन्न होगी।

