नाबालिग का अपहरण कर दुराचार के आरोपी को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार
देहरादून।थाना सहसपुर क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दी कि उसकी 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री ट्यूशन के लिए घर से निकली थी, लेकिन समय पर वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। शिकायत के आधार पर थाना सेलाकुई में मुकदमा अपराध संख्या 72/2025, धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा नाबालिग की शीघ्र बरामदगी हेतु थाना स्तर पर पुलिस टीम को निर्देशित किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि एक युवक, लविश कुमार, बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस आधार पर पुलिस टीम ने सुरागरसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के फलस्वरूप मुखबिर की सूचना पर दिनांक 25 जुलाई 2025 को राजा रोड से धूलकोट की ओर जाने वाले रास्ते से अभियुक्त लविश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके कब्जे से नाबालिग को सकुशल बरामद किया गया। नाबालिग के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 64/351(3) बीएनएस एवं 5/6 पोक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान लविश कुमार पुत्र स्वर्गीय अशोक कुमार निवासी कुंडा पिनाई, थाना फलाउदा, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी बिन्नी चौक, खैरी गेट, सेलाकुई, देहरादून, उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है।
इस सफलता में पुलिस टीम के म0उ0नि0 मीना रावत, हे0का0 महेन्द्र कुमार, का0 प्रवीण कुमार, का0 सोहन तथा एसओजी के का0 आशीष शर्मा की सक्रिय भूमिका रही। दून पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशील कार्यप्रणाली से एक बड़ी घटना को टालते हुए नाबालिग बालिका को सुरक्षित बचाया जा सका।

