अमर शहीद श्रीदेव सुमन के 82वें बलिदान दिवस पर गढ़वाली चेतना से ओतप्रोत गोष्ठी आयोजित

अमर शहीद श्रीदेव सुमन के 82वें बलिदान दिवस पर गढ़वाली चेतना से ओतप्रोत गोष्ठी आयोजित
Spread the love

देहरादून।अखिल गढ़वाल सभा भवन में अमर शहीद श्रीदेव सुमन जी के 82वें बलिदान दिवस पर एक विशाल गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने श्रीदेव सुमन जी के जीवन, त्याग, और राष्ट्रभक्ति से प्रेरित होकर गहन विचार प्रस्तुत किए।

सभा के अध्यक्ष श्री रोशन धस्माना ने कहा कि सुमन जी ने मात्र 28 वर्ष की अल्पायु में आमरण अनशन कर जनसरोकारों के लिए बलिदान दिया, वे स्वतंत्रता संग्राम में भी सक्रिय थे और उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है।

उपाध्यक्ष श्रीमती निर्मला बिष्ट ने कहा कि *हमें श्रीदेव सुमन जी के सिद्धांतों और कृतित्व से बहुत कुछ सीखने की आवश्यकता है।श्री धीरज सिंह नेगी ने बताया कि उन्होंने छात्र जीवन में सुमन जी के नाम से एक पुस्तकालय चलाया था और गढ़वाल सभा के माध्यम से *डाक टिकट जारी करने का प्रयास भी किया गया था, जिसे अब फिर से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

साहित्यकार एवं सुमन जी के भांजे श्री मुनिराम सकलानी ने बताया कि 1939 में टिहरी रियासत की दमनकारी नीतियों के विरोध में सुमन जी ने टिहरी प्रजामंडल की स्थापना की। मात्र 14 वर्ष की उम्र में उन्होंने नमक सत्याग्रह में भाग लिया, और ‘सुमन सुधा’ कविता संग्रह प्रकाशित कर साहित्यिक योगदान भी दिया। 3 मई 1944 को उन्होंने ऐतिहासिक 84 दिन का आमरण अनशन शुरू किया और 25 जुलाई 1944 को बलिदान दिया।

श्री मोहन खत्री ने घोषणा की कि अगले वर्ष सुमन जी के बलिदान दिवस पर एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। जितेंद्र अंथवाल ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को भी श्रीदेव सुमन जैसे क्रांतिकारियों से प्रेरणा लेनी चाहिए, और राज्य के विभिन्न जिलों में सुमन जी की मूर्तियां अथवा स्मृति स्थल स्थापित किए जाने चाहिए।

श्री चंद्रदत्त सुयाल ने इस अवसर पर भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया – “गढ़माता कु सूत सुमन जी, गढ़माता कु पूत झम, टेहरी मा पैदा हवेगी सुमन सपूत झम…”

सभा के महासचिव श्री गजेंद्र भंडारी ने कहा कि मुख्यमंत्री से यह प्रस्ताव रखा जाएगा कि टिहरी झील का नाम ‘सुमन सरोवर’ किया जाए तथा प्रस्तावित कर्णप्रयाग रेलवे लाइन का नाम ‘चंद्र सिंह गढ़वाली एक्सप्रेस’ रखा जाए।

कार्यक्रम का संचालन पंडित उदय शंकर भट्ट द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में रोशन धस्माना, गजेंद्र भंडारी, निर्मला बिष्ट, मुनिराम सकलानी, धीरज सिंह नेगी, संतोष गैरोला, वीरेंद्र असवाल, अजय जोशी, दिनेश बौराई, सूर्य प्रकाश भट्ट, संजय डिमरी, प्रभात बर्थवाल, मोहन खत्री, हेमलता नेगी, रीता बिष्ट, सुजाता पाटनी, सरस्वती रतूड़ी, चंदा बडोनी, संतोष खेतवाल, हेमचंद सकलानी, सरदार जसप्रीत सिंह वालिया, कुलानंद नौटियाल आदि उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles