एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण हुए धमाके में झुलसे पांच लोग
देहरादून।कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के महंत इंद्रेश अस्पताल के पीछे टपरी बस्ती में आज सुबह गैस सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण हुए धमाके में एक ही परिवार के पांच लोग झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और बम डिस्पोजल स्क्वाड मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।
दिनांक 27 जुलाई 2025 की सुबह लगभग 6:45 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पटेलनगर क्षेत्र में एक घर में विस्फोट हुआ है, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
मौके पर दो वयस्क और तीन बच्चे गंभीर रूप से झुलसे हुए पाए गए, जिन्हें तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से दून अस्पताल भेजा गया।
जांच में पाया गया कि जिस कमरे में धमाका हुआ, उसमें पीड़ित विजय साहू अपने परिवार के साथ रहते हैं। कमरे के दरवाजे-खिड़कियाँ पूरी रात बंद थीं और उसी कमरे में खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर भी रखा हुआ था। सिलेंडर से पूरी रात धीरे-धीरे गैस रिसाव होता रहा।
सुबह करीब 6:45 बजे बिजली के स्विच में लगे नंगे तार में स्पार्किंग हुई, जिससे कमरे में भरी गैस ने आग पकड़ ली और विस्फोट हो गया। विस्फोट से एक दीवार और दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया तथा पांचों लोग झुलस गए।
फॉरेंसिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि विस्फोट का कारण एलपीजी गैस का रिसाव और स्पार्किंग के कारण लगी आग है। घायलों को एलपीजी फ्लेम बर्न के कारण जख्म आए हैं।
घायलों का विवरण:
- विजय साहू पुत्र अशरफी लाल, निवासी ग्राम असहीपुर, थाना व जिला बलरामपुर, उत्तर प्रदेश, हाल टपरी, थाना पटेलनगर, देहरादून, उम्र 38 वर्ष
- श्रीमती सुनीता, पत्नी विजय साहू, उम्र 35 वर्ष
- अमर, उम्र 11 वर्ष
- सनी, उम्र 8 वर्ष
- अनामिका, उम्र 8 वर्ष
सभी घायलों का उपचार दून अस्पताल में जारी है। पुलिस द्वारा घटना की जांच जारी है और अन्य पहलुओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

