HTML tutorial
HTML tutorial

देहरादून रोजगार मेले में 39 युवाओं को मिली नौकरी, 23 अभ्यर्थी दूसरे चरण के इंटरव्यू के लिए चयनित

देहरादून रोजगार मेले में 39 युवाओं को मिली नौकरी, 23 अभ्यर्थी दूसरे चरण के इंटरव्यू के लिए चयनित
Spread the love

देहरादून। प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सेवायोजन विभाग की पहल सफल रही। सोमवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून परिसर में आयोजित लघु रोजगार मेले में 39 अभ्यर्थियों का विभिन्न निजी कंपनियों में चयन हुआ, जबकि 23 अभ्यर्थियों को दूसरे चरण के साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया।

सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले रोजगार मेले में 282 बेरोजगार युवक-युवतियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

रोजगार मेले में 12 निजी प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इनमें विंडलास बायो मेडिसिन, आईपीसीए लेबोरेटरीज, एलआईसी, भारती एयरटेल, निर्माण ऑर्गेनाइजेशन सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं। कंपनियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की।
मेले में देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे युवाओं ने अलग-अलग कंपनियों के स्टॉलों पर जाकर रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी योग्यता के अनुरूप आवेदन किए।

उत्तरकाशी से आए अभ्यर्थी प्रमोद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिला प्रशासन और सेवायोजन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने का प्रभावी मंच बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें रोजगार मेले की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली और इससे प्रदेश में ही रोजगार पाने का अवसर मिला।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि विभाग द्वारा युवाओं को निजी क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता रहेगा। उन्होंने बताया कि निर्धारित 14 कंपनियों में से 12 कंपनियों ने मेले में भाग लिया, जिससे युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।

देवभूमि खबर

Related articles