रामनगर लूटकांड का ₹10 हजार का इनामी बदमाश ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार, नैनीताल पुलिस और SOG की संयुक्त कार्रवाई

रामनगर लूटकांड का ₹10 हजार का इनामी बदमाश ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार, नैनीताल पुलिस और SOG की संयुक्त कार्रवाई
Spread the love

नैनीताल।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में रामनगर पुलिस और एसओजी नैनीताल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए रामनगर लूटकांड में फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी अभियुक्त को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर की गई।

पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को रामनगर के हाथीडगर क्षेत्र में अभियुक्त साहिल और उसके साथियों ने स्कूटी से पीछा कर सुरजीत सिंह का वाहन रुकवाया और तमंचे की नोक पर जान से मारने की धमकी देकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में कोतवाली रामनगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना में शामिल तीन अन्य आरोपितों को पुलिस पहले ही लूट के सामान सहित गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपित साहिल फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी नैनीताल ने उस पर ₹10 हजार का इनाम घोषित किया था।

एसपी हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर श्री अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर श्री सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने ग्रेटर नोएडा से अभियुक्त साहिल (26 वर्ष), निवासी मालधन नंबर-4, रामनगर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल कुंदन सिंह कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला तथा कांस्टेबल अनिल गिरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles