जिलाधिकारी पिथौरागढ़ ने सुनीं आमजन की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
पिथौरागढ़। हर सोमवार को आयोजित होने वाले जनसुनवाई दिवस के अंतर्गत जिलाधिकारी श्री विनोद गोस्वामी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में बड़ी संख्या में पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई में करीब 40 से 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, पेयजल संकट, सड़क मरम्मत, आवास, पेंशन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से संवाद करते हुए सभी मामलों को गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की प्राथमिकता तय कर जांच करें और तय समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य होगी।
जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने भूमि खरीद के मामले में ₹12 लाख की धोखाधड़ी की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए *उपजिलाधिकारी सदर व थाना प्रभारी पिथौरागढ़ को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, और अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह को मामले की निगरानी कर *समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। त्वरित हस्तक्षेप के फलस्वरूप आरोपी व्यक्ति ने तीन चेक – ₹6 लाख, ₹4.5 लाख व ₹1.5 लाख महिला को सौंप दिए और तीन दिन का समय मांगा। महिला ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने एक पर्यावरण प्रेमी नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करने हेतु एक पौधा भेंट कर सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनहित में पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है और जनसुनवाई इसका प्रभावी माध्यम है।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने गत माह समाचार पत्रों में प्रकाशित नकारात्मक खबरों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों से स्पष्टीकरण मांगा तथा सभी लंबित प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई कर Action Taken Report (ATR) प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई कार्यक्रम अब नियमित रूप से प्रत्येक सोमवार को आयोजित किया जाएगा, ताकि नागरिकों को प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखने हेतु एक सुलभ मंच मिल सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, एसडीएम सदर मनजीत सिंह, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

