HTML tutorial
HTML tutorial

जिलाधिकारी चमोली ने अधिकारियों को उच्च प्राथमिकता वाले कार्य शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश, जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की बैठक में महत्वपूर्ण प्रस्तावों को दी मंजूरी

जिलाधिकारी चमोली ने अधिकारियों को उच्च प्राथमिकता वाले कार्य शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश, जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की बैठक में महत्वपूर्ण प्रस्तावों को दी मंजूरी
Spread the love

चमोली।जिलाधिकारी संदीप तिवारी की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (DMF) की शासी परिषद की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संस्थान, सिंचाई विभाग से संबंधित उच्च प्राथमिकता वाले प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई और शीघ्र क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को सिमली अस्पताल के लिए प्रस्तावित योजना के अंतर्गत आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की शीघ्र खरीद सुनिश्चित करने को कहा। वहीं नगर पंचायत पीपलकोटी के अधिशासी अधिकारी को आपदा प्रभावित भवनों सहित नगर क्षेत्र में अन्य सुरक्षा कार्यों को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान विद्यालयों की वर्तमान स्थिति और सुधार योजनाओं की जानकारी न देने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी भी जताई और संबंधित अधिकारियों को जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खनन अधिकारी अंकित चंद ने बैठक में बताया कि जनपद के विभिन्न विभागों की ओर से कुल 8 उच्च प्राथमिकता वाली योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। इनमें शिक्षा विभाग की चार योजनाएं (₹125.3 लाख), स्वास्थ्य विभाग की दो योजनाएं (₹38.93 लाख), जल संस्थान/पेयजल निगम की एक योजना (₹8.08 लाख) और सिंचाई विभाग की एक योजना (₹19.80 लाख) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अन्य 8 योजनाओं के लिए ₹88.50 लाख की धनराशि का भी अनुमोदन किया गया है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, मुख्य शिक्षा अधिकारी धर्म सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग अरविंद नेगी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles